अमृतसर। हीथ्रो (लंदन) के बाद अब तीन सितंबर 2021 से एयर इंडिया अमृतसर और बर्मिंघम के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रहा है। पंजाब और आस-पास के राज्यों के लोगों के लिए यह एक बड़ी खबर है। अब बर्मिंघम जाने के लिए दिल्ली से उड़ान नहीं लेनी पड़ेगी। एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार ब्रिटेन द्वारा भारत को लाल सूची से हटाने के बाद यह फैसला लिया गया है।
ध्यान रहे कि कोरोना के चलते अमृतसर और बर्मिंघम के बीच यह फ्लाइट दिसंबर 2020 से बंद कर दी गई थी। जिसके कारण पंजाब के लोगों को बर्मिंघम की फ्लाइट लेने के लिए दिल्ली जाना पड़ता था। अब एयर इंडिया की यह उड़ान भारतीय समय के अनुसार तीन सितंबर से दोपहर तीन बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बर्मिंघम के लिए उड़ान भरेगी। यह उड़ान हरेक सप्ताह में शुक्रवार को दोपहर 3 बजे रवाना होगी और रविवार को शाम 7.35 बजे अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचेगी।
पहले ब्रिटेन सरकार द्वारा भारत को लाल सूची से बाहर निकाले जाने के बाद 17 जुलाई को अमृतसर से हीथ्रो (लंदन) के लिए सीधी फ्लाइट शुरू की थी। अब लंदन की अमृतसर से फ्लाइट शुरु होने पर पंजाब के ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों के लोगों को इसका फायदा मिलेगा। एयरपोर्ट डायरेक्टर वीके सेठ ने इस फ्लाइट के तीन सिंतबंर से शुरू होने की पुष्टि करने पर बताया कि अब तक उनके पास इस संबंधी कोई शेड्यूल नहीं आया है।