युवक की हत्या के बाद मौके पर जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पंजाब में अपराध थम नहीं रहा है। अमृतसर कैंटोनमेंट थानाक्षेत्र में स्थित खालसा कॉलेज के पास बुधवार दोपहर बाद कार सवार युवकों ने गोलियां मारकर पहलवान की हत्या कर दी। इस हमले में मरने वाले का एक दोस्त भी घायल हो गया, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि यह गोलीकांड किसी लड़की का वीडियो वायरल किए जाने पर हुआ।
मृतक की पहचान गुरदासपुर के गांव शीशा डुल्ट निवासी लवप्रीत सिंह (24) के तौर पर हुई है। वहीं, गुरसिमरन गंभीर रूप से घायल है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। डीसीपी रछपाल सिंह, एडीसीपी प्रभजोत सिंह विर्क ने बताया अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
कुछ माह पहले छोड़ी थी बैंक की नौकरी
गांव शीशा डुल्ट निवासी हरप्रीत सिंह ने बताया कि लवप्रीत सिंह (24) उनके गांव में रहता है और पहलवान है। उसने गांव की कईं प्रतियोगिताएं जीती हैं। कुछ माह पहले उसने एक निजी बैंक से नौकरी छोड़ी थी। बटाला के फलीवॉल रोड पर स्थित गांव मुल्ला दरियां निवासी गुरसिमरन लवप्रीत का दोस्त है। दोनों ने किसी युवक का बुधवार को खालसा कॉलेज में दाखिला करवाना था, तो इसके लिए दोनों कार से अमृतसर आए थे। दोनों खालसा कॉलेज के बाहर कार खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक अन्य कार में सवार छह युवक वहां गए। उक्त युवकों के साथ लवप्रीत और गुरसिमरन के बीच किसी लड़की का वीडियो वायरल करने पर बहस हो गई। इस बीच एक युवक ने पिस्तौल तान दी।
पहले जमीन फिर पेट में मारी दो गोलियां
हरप्रीत ने बताया कि लवप्रीत सिंह डरा नहीं और आरोपियों की तरफ बढ़ने लगा। इस बीच आरोपियों ने दो गोलियां जमीन पर मारी ताकि लवप्रीत पीछे हट जाए। लवप्रीत लगातार आगे बढ़ता रहा और पिस्तौल ताने युवक को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी युवक ने पेट में दो और दिल के पास एक गोली मारी। एक गोली गुरसिमरन के पेट में भी लगी। इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां लवप्रीत सिंह की मौत हो गई।
शहर के चप्पे-चप्पे पर नाकाबंदी, नहीं रुक रहीं वारदातें
ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर सुरक्षा को देखते हुए पंजाब के विभिन्न जिलों से पुलिस बल अमृतसर में तैनात है। पैरा मिलिट्री फोर्स भी पंजाब पुलिस के साथ पूरे शहर में मुस्तैद है। पुलिस अधिकारी दिन के समय फ्लैग मार्च निकालते हैं, ताकि लोगों के दिलों में सुरक्षा की भावना बनी रहे। शहर की सड़कों पर पुलिस अधिकारियों और पैरा मिलिट्री फोर्स का सायरन दिन भर बजता है। इन सबके बावजूद अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि शहर में चप्पे-चप्पे पर नाकेबंदी के बाद भी वारदातें नहीं रुक रही हैं।