अमृतसर के छेहरटा में काले रोड स्थित हरकृष्ण नगर में रहने वाली रेलवे की महिला कर्मचारी सिमरजीत कौर सिम्मी ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलते ही पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौप दिया।
मंगलवार को अचानक ही उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने तुरंत उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उपचार के दौरान रेलवे विभाग की महिला कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं दूसरी तरफ सहायक पुलिस कमिश्नर देवदत्त शर्मा ने बताया कि पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। उसके आधार पर ही पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार काले रोड पर स्थित हरकृष्ण नगर की गली नंबर-6 की सिमरजीत कौर की शादी एयरपोर्ट रोड स्थित पलाह साहिब के मान सिंह के साथ हुई थी। मान सिंह रेलवे विभाग में कर्मचारी था। शादी के बाद इनकी दो बेटियां हुई। करीब पांच साल पहले अचानक ही मान सिंह की मौत हो गई और विभाग ने अनुकंपा के आधार पर मान सिंह की पत्नी सिम्मी को रेलवे में नौकरी दे दी। नौकरी मिलने के कुछ समय बाद सिम्मी अपने छह साल की बेटी प्रभलीन कौर और तीन साल की बेटी जपलीन कौर के साथ अपने मायके आकर रहने लगी।
कर्ज से परेशान नौजवान ने लगाया फंदा
मानसा जिले के गांव बुर्जहरी के एक कर्जदार नौजवान ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पंजाब किसान यूनियन के बुर्जहरी के अध्यक्ष ने बताया कि नौजवान किसान रूलदू सिंह गोरा 26 वर्ष का था। उसके पास ढाई किले जमीन थी, जहां उसके सिर आढ़ती व सोसायटी का कर्ज था, वहीं गुलाबी सुंडी के कारण नरमे की फसल तबाह हो गई थी। उसके सिर 5 से 6 लाख रुपये का कर्ज था। इस कारण वह परेशान था। उन्होंने मांग की है कि सरकार उसका कर्ज माफ करे और परिवार को मुआवजा दे।