शहर के गली नंबर दो न्यू बैंक कालोनी में चोरों ने बुधवार को सूने घर से लाखों रुपये का माल पार कर दिया। चोरी विधायक निवास के पास स्थित घर में हुई है। चोरी के बारे में घर की मालकिन निर्मल देवी को उस समय पता चला, जब वह सत्संग से घर लौटी।
पीड़ित निर्मल देवी ने बताया कि उसका बेटा और बहू सर्विस करते हैं। बुधवार को वह काम पर गए हुए थे। उसकी पोती भी पढ़ने के लिए गई थी। वह सुबह साढ़े 11:30 बजे पास घर में ताला लगाकर शाहपुर चौक स्थित आश्रम में सत्संग के लिए चली गई। इसके बाद वह तकरीबन डेढ़ बजे लौटी।
गेट खोलकर अंदर दाखिल हुई तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा है। कुछ अनहोनी के डर से उसने तुरंत एमएलए के घर के समक्ष लगी पुलिस को बताया। वह सिक्योरिटी मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद वह पड़ोस की अन्य महिलाओं के साथ घर के अंदर दाखिल हुई। सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।
चोर घर में से सोने की पांच रिंग, एक लॉकेट सैट, 5 हजार रुपये, 5 मोबाइल, एटीएम कार्ड सहित चांदी का माता का छत्र चुराकर ले गए थे। चोरी की सूचना मिलने पर डिविजन नंबर एक के एसएचओ विपिन पुलिस और डॉग स्क्वाएड टीम के साथ पहुंचे। पुलिस टीम ने जांच कर साक्ष्य एकत्रित किए। एसएचओ का कहना केस दर्जकर चोरों की तलाश की जा रही है।