अमृतसर के इस्लामाबाद के गुरु नानकपुरा में बुधवार को पतंग लूटते समय जमीन पर रखे 100 किलोवॉट के ट्रांसफार्मर के खुले तार की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई। हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आते ही ट्रांसफार्मर ने किशोर को अपनी ओर खींच लिया और शरीर में आग लग गई। मौके पर इकट्ठे लोग चाहकर भी उसे बचा नहीं सके।
इस्लामाबाद थाना क्षेत्र गुरु नानकपुरा के आदर्शनगर इलाके के रछपाल सिंह ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। उनका इकलौता बेटा शरणजीत सिंह विवेक आश्रम मॉडल स्कूल में 8वीं में पड़ता था। उन्हें किसी बच्चे ने बताया कि उनके बेटे को करंट लग गया है। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा शरणजीत ट्रांसफार्मर के तार से चिपका हुआ था और उसका शरीर आग की लपटों में घिरा था।
लोगों ने बताया कि कटने के बाद एक पतंग आसमान से नीचे की ओर गिर रही थी। शरणजीत पतंग को लूटने के लिए दौड़ा और जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर के खुले तार की चपेट में आ गया। तार की चपेट में आते ही शरणजीत के शरीर में आग लग गई। लोगों ने पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
पीएसपीसीएल के अधिकारी पहुंचे और किशोर को जलता देख वहां से भाग निकले। कोट खालसा पुलिस चौकी प्रभारी मनजीत सिंह देओल ने बताया कि शरणजीत के पिता रछपाल सिंह के बयान पर फिलहाल सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, इस्लामाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि जांच शुरू कर दी है। इसमें लापरवाही सामने आने पर संबंधित विभाग के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।