पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने राष्ट्रीय भगवा सेना संगठन के पंजाब उपाध्यक्ष को नशा तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ-3 ने राष्ट्रीय भगवा सेना संगठन के प्रदेश उप प्रधान रितेश शर्मा उर्फ रिक्की को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक किलो 543 ग्राम अफीम व एक कार बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ अमृतसर के थाना कैंटोनमेंट में केस दर्ज किया गया है।
डीसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि आरोपी छेहरटा के दवाइयां वाला स्थित गली चालीस फुट में रहता है। रिक्की का कपड़े का कारोबार है। वह काफी समय से नशा तस्करी भी कर रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रितेश स्विफ्ट डिजायर कार में नशे की खेप सप्लाई करने जा रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने रास्ते में नाकाबंदी की। आरोपी की कार को रुकवा कर तलाशी ली तो उसमें से एक किलो और 543 ग्राम अफीम बरामद हुई। कार के आगे नंबर प्लेट के साथ अलग से प्लेट पर राष्ट्रीय भगवा सेना प्रधान लिखा था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी राष्ट्रीय भगवा सेना संगठन के बड़े पद पर होने का फायदा उठाकर और इसकी आड़ में नशा तस्करी कर रहा था। आरोपी की गाड़ी के आगे राष्ट्रीय भगवा सेना संगठन पंजाब वाइस प्रेसिडेंट की प्लेट भी लगी थी। रितेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।