अमृतसर की विजय नगर पुलिस चौकी में एक पुलिस कर्मचारी ने गुस्से में युवक की पगड़ी उतार दी और उसे घसीटते हुए थप्पड़ भी मारे। इस पूरे मामले का एक वीडियो भी वायरल हो गया है। किसी मामले के लेकर दो पक्ष पुलिस चौकी पहुंचे थे। वहीं दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। इस दौरान वीडियोग्राफी करने वाले एक मीडिया कर्मी को पुलिस कर्मचारी ने पकड़ कर उसकी पगड़ी उतार दी और उसे थप्पड़ मारे। इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस चौकी के बाहर धरना लगा दिया। देर रात मौके पर पहुंचे एसीपी ने मामले की जांच करवाने के बाद पुलिस कर्मी पर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया जिसके बाद मामला शांत हुआ।
मंगलवार शाम विजय नगर पुलिस चौकी में एक मीडिया कर्मचारी के साथ पुलिस कर्मचारी की ओर से मारपीट करने और पगड़ी उतारे जाने के मामले में अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने मीडिया कर्मी का समर्थन किया है। उन्होंने पत्रकार के हक में बयान जारी करते हुए कहा कि या तो पुलिस कर्मचारी ने ड्यूटी में लापरवाही दिखाई है और फिर किसी दबाव के चलते ऐसा किया है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से कहा कि वे मामले की जांच करवाए जाने के साथ ही इस पुलिस कर्मी का मेडिकल भी करवाएं।