पठानकोट में अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजन व अन्य।
- फोटो : amarujala
शहर के कालेज रोड स्थित मोहल्ला सैनीयां में एक दो युवकों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस पर एक युवक ने दूसरे के पेट में चाकू मार दी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना डिवीजन नंबर एक के प्रभारी भारत भूषण, डीएसपी मनोज ठाकुर पुलिस पार्टी के साथ पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की।
मृतक की पहचान विनीत कुमार (29) पुत्र सुरेश कुमार निवासी आदर्श कालोनी सैली रोड के रूप में हुई। अस्पताल में मृतक के पिता सुरेश कुमार ने बताया कि उसके दो बेटों में विनीत बड़ा था। विनीत सैली रोड स्थित शिव शक्ति कंप्यूटर इंस्टीट्यूट चलाता था।
शाम करीब 5 बजे मुझे विनीत के दोस्त रमन का फोन आया कि विनीत को किसी ने मार दिया है। इस पर हम घटनास्थल पर पहुंचे। वहां विनीत का खून से लथपथ शव पड़ा था। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि वीर सिंह उर्फ वीरा ने पेट में चाकू मारकर विनीत की हत्या की है।
यह घटना वीरा के घर में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया। डीएसपी मनोज ठाकुर ने कहा कि हत्या के कारण का खुलासा नहीं हो सका है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही हत्या की वजह का खुलासा हो सकेगा।