अमृतसर में लूट के लिए बैंक मैनेजर के हाथ का पंजा काटा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर के मजीठा रोड नंगली गांव के पास निहंग के बाने में आए बाइक सवार दो युवकों ने फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी का तलवार से हाथ काटकर उससे पैसों से भरा बैग लूट लिया। बैग में मात्र 1500 रुपये थे। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। राहगीरों ने घायल युवक को किसी तरह अमनदीप अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों की टीम ने 12 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद उसका हाथ जोड़ दिया। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, पलवल विश्वास यहां आकाश एवेन्यू में किराए पर रहता है और करीब दो साल से एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी करने का काम करता है। मूलरूप से वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। रोजाना वह बाइक लेकर मजीठा और अमृतसर के आसपास के गांवों में जाता है और पैसे इकट्ठे कर मालिक को सौंपता है।
सोमवार दोपहर 12:30 बजे के करीब वह बाइक से नंगली गांव पहुंचा और उसने दो जगह से 1500 रुपये एकत्र किए। कुछ देर बाद बाइक सवार दो युवक उसके पास आए और बैग छीनने लगे। उसने बैग नहीं छोड़ा तो एक आरोपी ने किरपाण से उसका हाथ काट दिया। उसे दोपहर दो बजे अस्पताल में दाखिल करवाया गया। कंबो थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार को दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। लुटेरों की पहचान के लिए सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।