सरहाली रोड स्थित स्टेट बैंक के एटीएम से धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर दो अज्ञात व्यक्तियों ने महिला के खाते से 1.40 लाख की नगदी निकाल ली। थाना सिटी तरनतारन की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बलविंदर कौर पत्नी सुखविंदर सिंह निवासी दीप एवेन्यू तरनतारन ने बताया कि उनके पति कृषि विभाग में कर्मचारी थे। उनकी मौत के बाद वह अब पेंशन ले रही हैं। बुधवार को वह अपने भांजे गुलशन सिंह के साथ सरहाली रोड पर लगे एटीएम से पैसे निकालने लिए गईं।
उसने अपना कार्ड एटीएम मशीन में लगाया लेकिन पैसे नहीं निकले। इस दौरान दो व्यक्ति आए और 4-4 हजार रुपये बारी-बारी निकालने को कहा। इसी प्रकार उसने 20 हजार रुपये निकाल लिए और गिनने लगी। उक्त व्यक्तियों ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया।
पांच मई को जब वह दोबारा पैसे निकालने गईं तो पता चला कि उनके खाते से 1.40 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। जब उन्होंने एटीएम कार्ड की जांच करवाई तो पता लगा कि यह कार्ड गुरप्यारा सिंह निवासी गिलजेवाला का है और इसको भी किसी ने चोरी किया है। घटना की जानकारी उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। एएसआई बलराज सिंह ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।