थाना घुमाण पुलिस ने बीमा पालिसी के नाम पर ठगी करने के आरोप में 11 लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जांच अधिकारी डीएसपी श्री हरगोबिंदपुर गुरविंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सुखबीर सिंह वासी घुमाण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसने एक प्राइवेट बीमा कंपनी से एक बीमा पालिसी ली थी जिसका प्रीमियम 25 हजार रुपये था।
उसने तीन साल की किश्तें दी। इसके बाद जब उसने पालिसी का स्टेटस चेक किया तो उसे पता चला है जो पालिसी उसने करवाई थी उसे नहीं दी गई और उसके द्वारा दी गई राशि का युलप प्लान कर दिया गया है।
इसके बाद उसने फोन पर अपने बीमा एजेंट से बात की तो उसने उसको कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया । इसके बाद मामले में नामजद लोगों ने फोन पर ही उसे अपनी बातों में बहला फुसला कर उससे और पैसे ले लिए और अन्य पालिसी भी दे दी।
डीएसपी ने बताया कि शिकायतकर्ता सुखबीर सिंह ने उक्त 11 लोगों पर 68 लाख 12 हजार 85 रुपये ठगने के आरोप लगाए गए हैं। डीएसपी ने बताया कि सुखबीर सिंह के बयानों पर परमजीत सिंह निवासी मुंबई समेत 11 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। डीएसपी आरोपियों को ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही ट्रेस करके गिरफ्तार लिया जाएगा।