मजीठा रोड पुली के पास स्थित एक रेस्तरां में खाना खाने आए एक युवक पर रेस्तरां के स्टाफ ने तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।
इसके बाद उन्होंने युवक की गाड़ी के शीशे तोड़कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी। घायल की पहचान रिखी भल्ला (30) निवासी लोहारका रोड के तौर पर हुई है।
वह कपड़े का व्यापार करता है। घायल को गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके सिर पर 40 टांके आए हैं। थाना सदर पुलिस के इंचार्ज संजीव कुमार ने घायल के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में रिखी ने बताया कि वह सोमवार रात 9 बजे मजीठा रोड पुली के पास एक रेस्तरां में अपने दोस्तों के साथ खाना-खाने के लिए गए।
खाना-खाने के बाद रेस्तरां के मालिक शमशेर सिंह बल से डिस्काउंट मांगा तो उन्होंने गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने उनकी कनपटी पर रिवॉल्वर रख दी। इसी बीच रेस्तरां मालिक के बेटे लवप्रीत सिंह उर्फ लालू ने शराब के नशे में स्टाफ के साथ मिलकर उनपर जानलेवा हमला कर दिया।