तरनतारन के गांव दयाल राजपूता में मंगलवार देर सायं पूर्व अकाली पंचायत मेंबर को गांव के ही एक व्यक्ति ने गोली मार दी।
गुरु नानक देव अस्पताल में उपचाराधीन भाग सिंह (48) की हालत गंभीर बताई जा रही है। चौकी मानोचल पुलिस ने भाग सिंह के बयान पर बलविंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तालाश शुरू कर दी है।
पुलिसकी प्राथमिक जांच में सामने आया है कि भाग सिंह के साथ बलविंद्र सिंह सिंचाई के पानी को लेकर अक्सर झगड़ा करता था। कुछ दिन पूर्व ग्राम पंचायत ने आपस में राजीनामा कराया था।
मंगलवार देर सायं पूर्व पंचायत मेंबर भाग सिंह मोटर साइकिल पर सवार होकर किसी रिश्तेदार के घर जा रहा था। बलविंद्र सिंह ने फोन कर भाग सिंह से कहा कि तुम्हारे खेतों में बिजली विभाग के कर्मचारी मीटर की जांच करने आए हैं। जब भाग सिंह खेत में पहुंचा तो बलविंद्र सिंह ने अपनी 32 बोर की पिस्तोल से तीन गोलियां उसके ऊपर दाग दीं।