बटाला। पुलिस थाना श्री हरगोबिंदपुर ने एक फर्जी पुलिस हवलदार को गिरफ्तार किया है। वह अपने आप को पंजाब पुलिस का हवलदार बताकर लोगों से ठगी मारता था। आरोपी से फर्जी आई कार्ड भी बरामद किया गया है। श्री हरगोबिंदपुर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकाने के आरोपों के तहत मामला दर्ज करके उसे गुरदासपुर जेल भेज दिया है।
एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें किसी ने सूचना दी थी कि गुरप्रीत सिंह (35) निवासी गांव औलख कलां आपराधिक किस्म का व्यक्ति है। गुरप्रीत सिंह अपने आप को पंजाब पुलिस का हवलदार बताता है और इसी की आड़ में वह लोगों से ठगी करता है। रविवार को भी वह किसी की गाड़ी चोरी करके आ रहा है। उक्त व्यक्ति के पास फर्जी आई कार्ड भी था। एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि जब बताई हुई जगह श्री हरगोबिंदपुर के लाइटां वाला चौक के पास रेड की तो मौके पर नाकाबंदी करके आरोपी युवक को दबोच लिया गया। एएसआई ने आगे बताया कि पकड़े गए आरोपी पर पहले से ही पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस संबंध में थाना श्री हरगोबिंदपुर में उक्त आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एएसआई ने बताया कि आरोपी की सेहत ठीक न होने की वजह से उसका रिमांड नहीं लिया गया है। उसे गुरदासपुर जेल भेज दिया गया है।