लुधियाना। पिता के साथ करियाने की दुकान पर काम करने के दौरान हेरोइन तस्करी का कारोबार करने वाले एक युवक को एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सुभाष नगर इलाके में नाकाबंदी के दौरान धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 150 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में थाना टिब्बा की पुलिस ने भगवान नगर निवासी खुशविंदर सिंह उर्फ सन्नी (34) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसटीएफ के लुधियाना इंचार्ज इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने सुभाष नगर स्थित वाहेगुरु रियल स्टेट के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नशा तस्करी का धंधा करता है। पुलिस ने आरोपी को नाकाबंदी के दौरान काबू कर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की। पुलिस पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी अपने पिता के साथ करियाना की दुकान पर काम करता है। साथ ही में नशा तस्करी भी करता है। आरोपी दुकान की आड़ में ही पिछले एक साल से नशा तस्करी का धंधा कर रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ इस धंधे में कौन-कौन से लोग जुड़े हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगा रही है कि वह किस व्यक्ति से हेरोइन लाकर किन लोगों को सप्लाई करता है।