फ्लैग ... जंडियाला में 22 कनाल जमीन के दस्तावेजों में धोखाधड़ी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जंडियाला के गांव बंडाला में 22 कनाल जमीन की रजिस्ट्री के फर्जीवाड़े मामले में डिप्टी कमिश्नरी घनश्याम थोरी ने महिला नायब तहसीलदार अकविंदर कौर को क्लीन चिट दे दी है। एसडीएम मजीठा हरनूर कौर ने जांच के बाद महिला तहसीलदार को बेकसूर बताया था। इसके बाद ही डीसी नायब तहसीलदार को क्लीन चिट दी।
अभी तक कानूनगो लखविंदर सिंह, पटवारी मंदीप सिंह और गिरफ्तार किए जा चुके सरपंच सतिंदर जीत सिंह पर जांच जारी है। उक्त मामले में प्रशासनिक अधिकारियों ने जमीन के दस्तावेज खंगाले और 18 से ज्यादा लोगों की गवाही हुई। इसके बाद महिला नायब तहसीलदार अकविंदर कौर को क्लीन चिट दी गई। मामले को लेकर अब रिपोर्ट एसएसपी (देहाती) सतिंदर सिंह के पास पहुंचेगी, जिसके बाद महिला नायब तहसीलदार का नाम एफआईआर से हटाया जाएगा।
गौर हो कि बंडाला गांव के सरपंच सतिंदर जीत सिंह ने कुछ माह पहले गांव की 22 कनाल जमीन को उक्त अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर अपने नाम करवा लिया था। इसके बाद आरोपी सरपंच उक्त जमीन आगे बेचने की फिराक में था कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को भनक लग गई। इसके बाद अधिकारियों ने आनन फानन में महिला नायब तहसीलदार अकविंदर कौर सहित चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर गांव के सरपंच सतिंदर जीत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।