अमृतसर। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) की टीम ने शनिवार को भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित गांव चक मिश्री खां में दबिश देकर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी से 2 किलो हेरोइन और 7 लाख रुपये ड्रग मनी बरामद हुई है। तस्कर के संबंध पाकिस्तान से हैं। उससे मिले मोबाइल से पाकिस्तान के गांव नारोवाल निवासी तारक महबूब का नंबर मिला है। गिरफ्तारी का पता चलते ही अन्य एजेंसियों के अधिकारी भी पूछताछ के लिए पहुंच गए।
काउंटर इंटेलिजेंस के अधिकारी इंद्रदीप सिंह के मुताबिक उन्हें सूचना मिली थी कि लोपोके थानाक्षेत्र के गांव चक मिश्री खां का निवासी हरदीप सिंह नशा तस्करी करता है। सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर अन्य सामान भी बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह एक साल से तारक के संपर्क में है। हेरोइन की उक्त खेप तारक ने ही उसे ठिकाने लगाने के लिए कहा था। आरोपी के मोबाइल में मिले रिश्तेदारों, दोस्तों और परिवार के अन्य सदस्यों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आरोपी को देर अदालत में पेश कर दिया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है।