अमृतसर। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम कमिश्नरेट की एयर इंटेलिजेंस टीम ने शनिवार को रात दुबई से पहुंची फ्लाइट से आए एक यात्री से 822 ग्राम सोना पकड़ा है। इस यात्री से पकड़े गए सोने की कीमत 39 लाख रुपये आंकी गई है। कस्टम अधिकारियों ने इस यात्री को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
कस्टम कमिश्नर राहुल को सूचना मिली थी कि 19 सितंबर की रात दुबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट से एक यात्री सोने की तस्करी के मकसद से दुबई से अपने साथ सोना ला रहा है। एयर इंडिया की फ्लाइट ने शनिवार को मध्यरात्री करीब 1.30 बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंड किया। एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम अधिकारियों ने यात्रियों के सामान की जांच शुरू की। इस बीच ही अधिकारियों ने एक यात्री के चेहरे पर भय के संकेत पाए तो उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में यात्री के स्थानीय निवासी (अमृतसर) होने की बात सामने आई। कस्टम कमिश्नर ने बताया कि अधिकारियों की तरफ से की गई यात्री से पूछताछ में उसने दुबई से सोना लाए जाने की बात मान ली है। यात्री ने बताया कि वह तीन कैप्सूल के अंदर लिक्विड फार्म में सोना लाया है, जिस पर कस्टम अधिकारियों ने उन कैप्सूल को अपने कब्जे में लेने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी यात्री के खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।