तरनतारन। थाना सदर की पुलिस ने आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव गुरदेव सिंह संधू के बेटे रहमत संधू समेत 12 आरोपियों के खिलाफ पत्रकार लवप्रीत कुमार, उसके भाई नीरज कुमार और यश कुमार को बेसबाल बैट से गंभीर घायल करने के मामले में केस दर्ज किया है।
लवप्रीत कुमार निवासी गुरु नानक कालोनी, पट्टी ने बताया कि 25 नवंबर को वह वरना कार में अपने भाई नीरज कुमार व यश कुमार के साथ दोपहर डेढ़ बजे तरनतारन से वापस जा रहा था। माझा कालेज फार वूमेन (टी प्वाइंट सरहाली रोड) के समीप आम आदमी पार्टी की पट्टी में हो रही रैली में जा रहे वर्करों की ओर से सड़क पर शोर मचाया जा रहा था। इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव गुरदेव सिंह संधू के बेटे रहमत संधू की कार के साथ लवप्रीत की कार लग गई। रहमत संधू ने अपनी गाड़ी से बेसबाल बैट निकाल लिए और तीनों पर हमला कर दिया। इसमें नीरज कुमार की बाजू की हड्डी टूट गई जबकि यश कुमार की उंगली फ्रेक्चर हो गई। उनको इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया। इसके बाद थाना सदर में शिकायत दी गई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि एएसआइ कंवलजीत सिंह ने जांच के बाद रविवार की शाम को आरोपी रहमत संधू व उसके 11 अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।