अमृतसर। अमृतसर से करीब 12 किलोमीटर दूर मानावाला के पास लुटेरों ने गोलियां चलाकर पत्नी के साथ लुधियाना लौट रहे एक डाक्टर से कार लूट ली। लूट की वारदात के बाद फरार होने से पहले लुटेरे डाक्टर की एक टांग में गोली भी मार गए। वारदात स्थल से कुछ ही दूरी पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक लुधियाना के पैराडाइज ऑप्टिकल्स के मालिक डा. कुलविंदर सिंह रविवार की रात अपनी पत्नी गगनदीप कौर के साथ बेटे डॉ. गुनराज सिंह को श्री गुरु रामदास इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज में छोड़ने लुधियाना से अमृतसर आए थे। बेटे को इंस्टीट्यूट में छोड़ने के बाद डा. सिंह अपनी पत्नी के साथ कार में सवार होकर लुधियाना लौट रहे थे। इस दौरान रात करीब 9:30 बजे डा. सिंह मानावाला के पास कार खड़ी करके एक ढाबे पर खाने का कुछ सामान लेने के लिए रुके।
इसी बीच पिस्तौल के साथ दो लुटेरे उनकी कार में सवार हो गए। एक लुटेरा उनकी कार की चालक सीट पर बैठ गया और उसने डा. सिंह की पत्नी को कार से बाहर निकाल दिया। उन्हें डराने के लिए दो हवाई फायर भी किए। डा. सिंह की पत्नी डरकर चीखी तो डॉ. कुलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखते ही लुटेरों ने उन पर सीधा फायर कर दिया, जो उनकी टांग में लगा। इसके तुरंत बाद लुटेरे कार लेकर वहां से फरार हो गए।
क्योंकि डा. सिंह मानावाला के पास एक ढाबे के सामने रुके थे। वहां आसपास कई अन्य लोग भी मौजूद थे। उन्होंने वारदात को अंजाम देते हुए लुटेरों की अपने मोबाइल फोन पर वीडियो बना ली। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लिया है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि लुटेरों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।