अमृतसर। रामबाग थाना पुलिस ने ड्रग नेक्सस का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं को 310 ग्राम हेरोइन और 59 हजार रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोहारका रोड स्थित मीरां कोट इलाके में ब्लू सिटी की एक कोठी में कार्रवाई करते हुए दो गग्जरी कारें भी बरामद की हैं, जिन्हें नशा सप्लाई के लिए प्रयोग किया जाता था। पूर्वी हलके के एसीपी अभिमन्यु राणा (आईपीएस) ने आरोपी महिलाओं की पहचान सविंदर कौर निवासी ब्लू सिटी, लोहरका रोड और प्रिया निवासी ब्लू सिटी लोहरका रोड के तौर पर बताई है।
उन्होंने बताया कि 26 मार्च 2022 को सूचना मिली थी कि ब्लू सिटी लोहरका रोड का साजन कल्याण चमरंग रोड स्थित एकता नगर में अपने साथियों के साथ मिलकर नशे का कारोबार चलाता था। जिसका पैतृक घर रतन सिंह चौक के निकट स्थित पुलिस वाली गली फैजपुरा में है, लेकिन पिछले कुछ समय से वह अपने परिवार के साथ कुंडियां वाला खूह संधू कालोनी में रहने लगा था। जो इन दिनों ब्लू सिटी में कोठी बनाकर अपनी मां सविंदर कौर तथा पत्नी प्रिया के साथ रह रहा है।
एसीपी ने बताया कि सूचना थी कि वह एक वरना कार, एक क्रेटा कार, एक फॉर्च्यून गाड़ी और एक स्कूटी नशा सप्लाई के लिए इस्तेमाल करता है। सूचना पर ब्लू सिटी में कोठी नंबर-75 में रेड करके सविंदर कौर और प्रिया को गिरफ्तार कर लिया गया। सविंदर कौर की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30 ग्राम हेरोइन और प्रिया की तलाशी में उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद उनके बताने पर कोठी के बाथरूम में 260 ग्राम हेरोइन और कोठी की पहली मंजिल पर रिहायशी कमरे से 59 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद हुई।
आईपीएस अधिकारी राणा ने बताया कि कोठी से एक क्रेटा कार और एक फार्च्यूनर कार भी बरामद की। जिसके बाद दोनों महिलाओं को अदालत में पेश करने के बाद 29 मार्च तक का रिमांड लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपी साजन कल्याण उर्फ डड्डू और बटाला रोड स्थित महिंद्रा कालोनी के रहने वाले उसके बहनोई जसबीर सिंह उर्फ लाली की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।