-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। तस्करों के खिलाफ लगातार चल रहे अभियान के तहत बुधवार को थाना कैंटोनमेंट पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम हरस्वरूप सिंह है और गांव नवां नाग का रहने वाला है। इस आरोपी से पुलिस ने तीन पिस्तौल, तीन कारतूस और काले रंग की थार बरामद की है। आरोपी हथियारों की सप्लाई देने के लिए जा रहा था। उक्त आरोपी हथियारों की तस्करी करता है और पहले भी कई बार सप्लाई कर चुका है।
पुलिस कमिश्नर रंजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी ग्वाल मंडी के पास काले रंग की थार गाड़ी लेकर घूम रहा है और यहां पर आरोपी हथियारों सप्लाई करने के लिए पहुंचा है। इसी के तहत थाना कैंटोनमेंट पुलिस की टीम तैयार कर मौके पर ट्रैप लगाया गया। आरोपी अपनी गाड़ी में आ रहा था। आरोपी को गाड़ी को रोकना चाहा, लेकिन आरोपी ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने गाड़ी का पीछा कर उसे घेर लिया और मौके पर ही जांच के दौरान तीन विदेशी पिस्तौल बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खालसा कालेज में बीएसई एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहा है। आरोपी का पिता सतनाम सिंह किसानी करता है। कुछ महीने पहले ही अरोपी का संपर्क पाकिस्तान में बैठे तस्करों के साथ हो गया था। इसके बाद आरोपी बॉर्डर पार से हथियार मंगवाल कर आगे सप्लाई करने लग पड़ा। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन से डिटेल निकाल रही है।
दो महीनों में 32 किलो हेरोइन बरामद
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि उनकी टीम लगातार कार्रवाई कर रही है, जिसका नतीजा है कि पिछले दो महीने में 32 किलो हेरोइन बरामद कर 99 केस दर्ज किए हैं। इसके साथ ही 155 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा नौ किलो 261 ग्राम अफीम, एक करोड़, 18 लाख, 43 हजार से ज्यादा ड्रग मनी, आठ कारें और छह बाइक बरामद कर चुकी है। कुल 25 पिस्तौल और तीन रिवॉल्वर भी बरामद किए जा चुके हैं। नशे की सप्लाई करने वाले चार तस्करों की 1.92 करोड़ की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है।