अमृतसर। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होने पहुंचे एक परिवार की लड़की को दो लोगों ने गुमराह करने की कोशिश की, इस पर दोनों को पुलिस के हवाले किया गया है। इस संबंधी श्री दरबार साहिब के मैनेजर ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है।
सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के मैनेजर गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार की रात परिवार के साथ श्री दरबार साहिब नतमस्तक होने पहुंची एक लड़की को दो लोगों ने गुमराह करने की कोशिश की। ड्यूटी निभा रहे कर्मचारियों ने तुरंत दोनों को काबू कर लिया। काबू किए गए लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने एसजीपीसी के मुलाजिमों पर किरच के साथ हमला कर दिया। दोनों को पुलिस के हवाले करते हुए उनके खिलाफ बनती धाराओं के तहत केस दर्ज करने को कहा गया है।