दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनके चुनाव मैदान में आने से कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा एक हो गई हैं। इन पार्टियों का मकसद चुनाव जीतना नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी को हराना है। इसलिए यह सभी एक साथ मिलकर मुझे और मेरे मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान को गालियां दे रहे हैं। केजरीवाल ने सोमवार को यह बातें अमृतसर की पश्चिम सीट पर अपने उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली में कहीं।
केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपनी सभी सभाओं में सिर्फ मुझे और भगवंत मान को गालियां देते हैं लेकिन सुखबीर बादल और भाजपा के लिए कुछ नहीं बोलते। सुखबीर बादल भी मुझे और मान को गालियां देते हैं, परंतु भाजपा और कांग्रेस के बारे कुछ नहीं कहते। रविवार को प्रियंका गांधी और अमित शाह भी अपनी सभाओं से हमें गालियां दे रहे थे। इन्हें डर है कि पंजाब में अगर आम आदमी पार्टी की सरकार बन गई तो इनकी लूट का धंधा हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।
दिल्ली के सीएम ने कहा कि हमारा मकसद शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था को ठीक करना है। हम नौजवानों को नशे के चंगुल से निकालकर अच्छी शिक्षा और रोजगार देना चाहते हैं। बेअदबी मामलों की उच्च स्तरीय जांच करवाकर दोषियों और मास्टरमाइंड को सजा देना चाहते हैं। इस बार आपके पास आम आदमी पार्टी के रूप में एक अच्छा और ईमानदार पार्टी का विकल्प मौजूद है।
‘लालच में बच्चों का भविष्य दांव पर न लगाएं’
केजरीवाल ने कहा कि लोगों को चुनाव से ठीक पहले बंटने वाली शराब और पैसे से सचेत रहना है। भ्रष्ट पार्टियां वोट खरीदने के लिए शराब और पैसों का लालच देंगी। लालच में आकर बच्चों का भविष्य दांव पर न लगाएं। 20 फरवरी को वोट करने से पहले एक बार अपने बच्चों का चेहरा अवश्य देखें और उनके भविष्य के बारे में सोचें। कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा ने 70 साल में जनता तो क्या अपने कैडर के लोगों को भी कुछ नहीं दिया। वोट लेने के लिए सिर्फ लोगों को बेवकूफ बनाया है।