अमृतसर में ज्वेलर की दुकान पर काम करने वाले कारीगर ने मालिक का भरोसा जीत उसे ही चुना लगा दिया। आरोपी कारीगर लाखों रुपये के सोने और हीरे के जेवरात लेकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पंजाब के अमृतसर में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। यहां एक कारीगर सोने व हीरे के जेवरात लेकर फरार हो गया। चोरी किए गए जेवरात की कीमत लाखों में बताई जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
हैरानी की बात यह है कि जो आरोपी जेवरात लेकर भागा है उसके बारे में मालिक को भी पूरी जानकारी नहीं है। आरोपी के नाम के अलावा मालिक को कुछ पता नहीं है। आरोपी ज्वेलर के पास कारीगर का काम करता था, लेकिन मालिक ने उसके एड्रेस के बारे में उससे आजतक पूछा ही नहीं। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी कारीगर लाखों रुपये के जेवरात लेकर भाग गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरा की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है ।
जानकारी के अनुसार पूर्णा शहा निवासी लोहगढ़ गेट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह तारीशा ज्वेलर्स माल रोड में बतौर हेड कारीगर काम करता है। आरोपी कारीगर वासुदेव सिंह उसी दुकान में कारीगर था।
विज्ञापन
16 जुलाई को मालिक ने उसे दूसरी दुकान सुराना ज्वेलर्स से सोने और हीरे के जेवरात लेने के लिए भेजा था। आरोपी दूसरी दुकान से जेवरात तो ले आया लेकिन अपनी दुकान पर पहुंचा ही नहीं। इसके बाद अपने स्तर पर उसकी तलाश की गई, लेकिन वह सोने और हीरे के जेवरात लेकर फरार हो गया था। आरोपी दो हीरे के कंगन, एक सोने की अंगूठी, एक हीरे का कड़ा और एक हीरे की अंगूठी लेकर फरार हुआ है। थाना सिविल लाइन की पुलिस को शिकायत की गई है।