कपूरथला-कांजली मार्ग पर स्थित गांव विल्ला कोठी के पास लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली व बाइक में टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन 21 वर्षीय मुकेश कुमार पुत्र राम निवासी अजीत नगर ने बताया कि वह विल्ला कोठी की ओर से अपने साथी मंटू पुत्र जमेली के साथ बाइक से घर वापस आ रहे थे।
रास्ते में पीछे से आ रही तेज रफ्तार लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह असंतुलित होकर गिर गए और घायल हो गए। ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से भागने में सफल हो गया।
उन्हें डायल 108 एंबुलेंस के चालक राज व ईएमटी इंद्रजीत शर्मा ने सिविल अस्पताल में पहुंचाया। ड्यूटी डॉक्टर के मुताबिक दोनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। उनके एक्सरे व स्कैनिंग करवाई जा रही ह्रै।
इसी तरह बाजार से घरेलू सामान लेकर लौट रहे एक व्यक्ति को कार चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन कश्मीर सिंह पुत्र दारा सिंह निवासी चूहड़वाल चूंगी के परिजनों ने बताया कि वह बाजार से घरेलू सामान लेकर घर लौट रहा था।
जब वह मॉडल टाउन पहुंचा तो पीछे से आ रही इंडिका कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। जब वह घायल होकर गिर पड़ा तो आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।