अमृतसर। पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर रेत खदानों में हो रही लूट को खत्म करने के दावे करते रहे और सरकार बनने के बाद आम आदमी पार्टी अपने वादे को ही भूल गई। अब रेत के दाम आसमान को छूने लगे हैं। आम आदमी के लिए घर का निर्माण करना मंहगा हो चुका है। यहां तक कि कुछ लोगों ने तो रेत के दामों को देखते हुए निर्माण काम ही बंद कर दिए हैं।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजीव अरोड़ा बिट्टू ने वार्ड नंबर 61 के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में यह मुद्दा उठाया है। भाजपा नेता कृष्ण गोपाल बिल्ला की अध्यक्षता में करवाई गई इस बैठक में संजीव अरोड़ा ने कहा कि आज इतनी महंगाई हो चुकी है कि गरीब आदमी 1 हजार रुपये वाली रेत की ट्राली 4 हजार रुपये में खरीदने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि आप सरकार के आते ही रेत के दाम दोगुने से भी ज्यादा हो गए और गरीब आदमी का घर बनाने का सपना हवा में लटक गया। इस अवसर पर नरेश शर्मा, सोनू अरोड़ा, संजय गुप्ता और आशीष मेहता भी मौजूद थे।
द वार्प निटिंग एसोसिएशन के पंजाब अध्यक्ष संजय मेहरा टीनू ने कहा कि आप आदमी पार्टी के नेता केजरीवाल ने पंजाब में सरकार आते ही रेत पर नीति बनाने के दावे किए, लेकिन अब सरकार बनने के बाद पंजाब में रेत माफिया और मजबूत हो गया है। आज हालात यह हैं कि रेत 4 हजार रुपये प्रति सैकड़ा बिक रही है और आम आदमी के लिए घर बनाना एक सपने जैसा लगता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने तो अपने घरों और फैक्ट्रियों का निर्माण काम ही बंद करवा दिया है।
- फोटो