सिद्धू के मिलने पर मजीठिया ने जोड़े हाथ।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अमृतसर जिला की 11 विधानसभा सीटों पर सायं 6 बजे तक 59.59 फीसदी वोट पड़े। छह बजे तक पोलिंग बूथों में रिपोर्ट कर चुके वोटरों की मतदान प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही। दूसरी ओर जिला चुनाव अधिकारी गुरप्रीत सिंह खैरा ने चुनाव को संपन्न करवाने में अहम भूमिका निभाने वाले प्रशासनिक और अन्य विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों का धन्यवाद किया।
जानकारी के मुताबिक अमृतसर जिले की 11 विधानसभा सीटों पर सुबह ठीक आठ बजे मतदान शुरू हो गया। पहले दो घंटों में मतदान का अनुपात 4.19 फीसदी रहा। शाम 6 बजे तक यह अनुपात बढ़ कर 59.59 फीसदी तक पहुंच गया। दोपहर तक बहुत कम मतदाता ही वोट डालने के लिए अपने घरों से बाहर निकले। दोपहर 12 बजे यह अनुपात 15.84 फीसदी पर पहुंचने के बाद दोपहर एक बजे यह अनुपात 26.24, दोपहर 2 बजे 33.27, सायं 3 बजे 39.81, 4 बजे 42.45 फीसदी के बाद देर सायं 5 बजे तक 57.11 तक पहुंचने के बाद मतदान की स्पीड एकदम कम हो गई।
अगले एक घंटे में देर शाम 6 बजे तक यह अनुपात सिर्फ 2.46 फीसदी ही बढ़ा। रात करीब 8.15 बजे तक वोटिंग प्रक्रिया मुकम्मल हो गई। रिटर्निंग अधिकारी मतदान को लेकर देर रात तक रिपोर्ट तैयार करते रहे। जिला चुनाव अधिकारी गुरप्रीत सिंह खैहरा ने बताया कि जिला की सभी सीटों पर सुबह 8 बजे वोटिंग शुरू हो गई पर आज सुबह जिला के करीब 40 बूथों पर वोटिंग मशीनों के साथ लगाई वीवीपेट मशीनों के खराब होने के चलते मतदान में रुकावट आ गई। कुछ देर में वहां वीवीपेट मशीन बदलकर मतदान प्रक्रिया शुरू करवा दी गई। उन्होंने बताया कि जिला में 15 हजार से ज्यादा कमर्चारियों और अधिकारियों ने इसमें अपनी सेवाएं निभाईं।
मजीठिया ने सिद्धू को देखते ही जोड़ दिए हाथ
अमृतसर की हॉट सीट पूर्वी से कांग्रेस के उम्मीदवार और पीपीसीसी प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू का सामना पोलिंग बूथ में अपने प्रतिद्वंदी शिअद के उम्मीद्वार बिक्रम मजीठिया से हो गया। हुआ यूं कि नवजोत सिद्धू राउंड करते हुए उत्तरी हलके के एक बूथ में पहुंचे थे। वहां का दौरा करने के बाद वे बाहर निकल रहे थे। इस दौरान ही वहां बिक्रम मजीठिया पहुंच गए। मजीठिया ने सिद्धू को देखते ही हाथ जोड़े और उनका हाल पूछा। सिद्धू ने मजीठिया की ओर से बढ़ाए हाथ की तरफ अपना हाथ मिलाया और अच्छा हूं कह कर वहां से चले गए।
मजीठिया ने मजीठा और ओपी सोनी तथा नवजोत सिंह सिद्धू ने पश्चिम हलके में किया मतदान
अमृतसर की हॉट सीट पूर्वी से शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी बिक्रम मजीठिया, नवजोत सिंह सिद्धू और केंद्रीय हलके से कांग्रेस के प्रत्याशी ओपी सोनी खुद के लिए वोट नहीं कर सके। बिक्रम मजीठिया ने मजीठा हलके में पहुंच कर अपनी पत्नी व शिअद प्रत्याशी गुनीव मजीठिया के समर्थन में वोट किया। जबकि नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी पत्नी के साथ पश्चिमी हलके से कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ. राज कुमार के लिए मतदान किया। इसी तरह केंद्रीय हलके से कांग्रेस के उम्मीद्वार ओपी सोनी ने भी पश्चिम हलके से अपनी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. राज कुमार वेरका के लिए मतदान किया।
अमृतसर में पुलिस व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। हम पंजाब और सीमावर्ती इलाकों में 'बाहुबली' संस्कृति देख सकते थे, जो यूपी, बिहार में देखी जा सकती है। ऐसा लगा जैसे प्रशासन सत्ताधारी पार्टी की मदद कर रहा है और लोगों को अपने क्षेत्र में रोकने की कोशिश कर रहा है, मैंने डीजीपी को भी फोन किया । आप उम्मीदवार कुंवर विजय प्रताप सिंह