पंजाब के जालंधर में सोमवार को हुए सड़क हादसे में 13 साल के किशोर की मौत हो गई। किशोर एक्टिवा चला रहा था। वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पंजाब के जालंधर में सड़क दुर्घटना में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जालंधर के संजय गांधी नगर के पास एक ट्रक और एक्टिवा की टक्कर होने से किशोर की जान चली गई। मृतक की पहचान भगत सिंह कॉलोनी के रहने वाले अवि मल्होत्रा के रूप में हुई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार अवि के साथ उसकी बहन भी एक्टिवा पर सवार थी। उनके आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी। ट्रक के अचानक रुकने के कारण एक्टिवा सवार संभल नहीं पाया व ट्रक से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में भेज दिया है। बच्चे के घर व इलाके में मातम छा गया है और परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
उधर परिवार वालों का कहना था कि 13 साल का अवि मल्होत्रा एक्टिवा पर सवार होकर अपने पड़ोसी को रोटी देने के लिए गया था। जब वह रोटी देकर वापस लौट रहा था तो संजय गांधी नगर के पास हादसे का शिकार हो गया। घटना स्थल पर जांच के लिए थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंच गई है व जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
एसीपी नॉर्थ ने कहा कि घटना के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया था। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है, जिसके आधार पर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा केस दर्ज किए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।