त्योहारी सीजन में फुटपाथ घेरकर सामान सजाने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार शाम अभियान चलाया। नगर निगम ने दो घंटे अभियान चलाकर अलग-अलग बाजारों से 50 से अधिक अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त कर लिया। इसे लेकर कई बार नोकझोंक भी हुई। सड़क पर खड़े उन वाहनों को भी कब्जे में ले लिया गया, जिनसे यातायात बाधित हो रहा था।
रविवार को प्रशासन ने मुनादी कर बाजार में खुद ही अतिक्रमण हटाने लेने के लिए कहा था। शाम चार बजे नगर आयुक्त विशाल मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी व उपनगर आयुक्त तुषार सैनी के नेतृत्व में टीम सबसे पहले कारखाना बाजार पहुंची। वहां दुकानों के आगे रखा सामान जब्त करना शुरू किया तो हड़कंप मच गया। जिन दुकानदारों ने पटरी व फुटपाथ पर सामान सजाया था, उसे फेंका गया। यह हाल देखकर कई दुकानदारों ने शटर ही गिरा दिए। कारखाना बाजार से शुरू हुआ अभियान नल बाजार, सदर बाजार, बर्तन बाजार होते हुए पटेल चौक तक चला। इन बाजारों में खासतौर से फुटपाथ पर लगी दुकानों की झांपें हटाई गईं। जब्त किया गया सामान एक ट्रैक्टर ट्रॉली और दो यूटिलिटी वाहनों में भरकर ले जाया गया। सदर बाजार के एक व्यापारी ने आरोप लगाया कि दुकान की झांप तोड़ने से उनके कर्मचारियों को चोट भी लगी लेकिन अधिकारियों ने उनकी सुध नहीं ली।