यूपी विधानसभा चुनाव के बाद अब सबकी नजर एमएलसी यानी विधान परिषद के चुनाव पर है। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) के चुनाव के लिए आज मतदान किया जा रहा है।
पूर्वांचल की वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ और मऊ सहित कुल पांच एमएलसी सीटों के लिए 15 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। मिर्जापुर एमएलसी सीट निर्विरोध भाजपा के खाते में जा चुकी है। अब सभी प्रमुख सीटों पर भाजपा और सपा के बीच ही मुख्य मुकाबला है। हालांकि पूर्वांचल की कई सीटों पर भाजपा के लिए निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों ने चिंता बढ़ा दी है।
वाराणसी में भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई है। एमएलसी चुनाव में धनंजय सिंह, ब्रजेश सिंह और रमाकांत यादव जैसे बाहुबली नेताओं के करीबी और रिश्तेदार के चुनावी मैदान में उतरने से लड़ाई दिलचस्प हो गई है। आजमगढ़ से लेकर वाराणसी तक भाजपा पर सभी की निगाहें हैं। शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है।