Rangbhari Ekadashi 2023: बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी रंगभरी एकादशी के दिन अनूठे रंगोत्सव की साक्षी बनेगी। मौका होगा बाबा विश्वनाथ के गौने का। बाबा विश्वनाथ की पालकी उठने के साथ ही काशी की गलियां अबीर-गुलाल की बौछार से लाल हो जाएगी। शिवभक्त बाबा की अगवानी में काशी की गलियों में गुलाल की होली खेलेंगे। गौने में काशीपुराधिपति और मां गौरा के साथ होली खेलने के बाद काशी में फगुनहट का रंग और भी चटख हो जाता है। बाबा के गौना उत्सव के नियमित होने वाले लोकाचार आज से टेढ़ीनीम स्थित पूर्व महंत आवास पर माता गौरा के हल्दी तेल के साथ शुरू हो जाएंगे। भोले बाबा जब गौना कराने जाएंगे तो उनका राजशाही स्वरूप निखर कर सामने आएगा। बाबा विश्वनाथ गौने के लिए खादी की राजसी पोशाक धारण करेंगे और माता गौरा बरसाने का घाघरा पहनेंगी।
रंगभरी एकादशी वैसे तो परंपरागत तरीके से पूरे देश में मनाई जाती है, किंतु इसका सर्वाधिक उत्साह काशी में देखने मिलता है। तीन मार्च को निकलने वाली पालकी यात्रा के लिए होने वाले लोकाचार से पहले की तैयारियां जारी हैं।