फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तस्वीरों में देखें बनारस में मकर संक्रांति: पतंग के साथ उड़ा कोरोना का डर, उल्लास के साथ उमड़ी आस्था

Sat, 15 Jan 2022 08:17 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
1 of 9
बनारस में मकर संक्रांति - फोटो : अमर उजाला
सात वार और नौ त्योहार की मान्यता वाले शहर बनारस में शनिवार को मकर सक्रांति आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया।  भगवान भास्कर के उत्तरायण होते ही श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। ठंड और कोरोना संक्रमण पर श्रद्धालुओं की आस्था भारी नजर आई। हल्के कोहरे की चादर में लिपटे भगवान भास्कर के उदीयमान होते ही श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव, हर-हर गंगे के जयघोष के साथ पुण्य की डुबकी लगाई।

दिन खुलने के साथ ही पतंगबाजी के साथ वो काटा-वो मारा का शोर गूंजने लगा। पतंगबाजी के उल्लास में कोरोना की फिक्र भी उड़ती दिखी। कई स्थानों पर लंगर लगा कर खिचड़ी वितरण किया गया। घाटों पर दान लेने वालों की भी भारी भीड़ लगी रही। दान करने के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में मत्था टेका। दशाश्वमेध घाट के साथ ही शीतला घाट, पंचगंगा घाट, अस्सी घाट से लेकर गंगा गोमती संगम कैथी में भी आस्था का रेला सुबह से ही नजर आया।
विज्ञापन

2 of 9
बनारस में मकर संक्रांति - फोटो : अमर उजाला
मकर संक्रांति पर रंगबिरंगी पतंगों से बनारस का आसमान पट गया। खुशियों के आसमान में पतंगें खूब लहराईं, बलखाईं। छतों, पार्कों और घाटों से गंगा पार रेती तक पतंगबाजी की होड़ ने उम्र के फासले मिटा दिए। भक्काटे के शोर के बीच बच्चों ने जमकर पतंगें उड़ाईं तो बड़े-बुजुर्गों और महिलाओं ने भी हाथ आजमाए। 
विज्ञापन

3 of 9
बनारस में मकर संक्रांति - फोटो : अमर उजाला
चारों ओर डीजे पर गूंज रहे गीत- संगीत के बीच हर पेच के साथ होते हो-हुल्लड़ की मस्ती से माहौल सराबोर रहा। तरह-तरह की रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान सजा नजर आया। दिन में खिली धूप से मौसम और खुशनुमा हो उठा था। गुनगुनी धूप और हल्की हवा के चलते पतंगबाजी के शौकीनों के लिए आदर्श मौसम बन गया। 

4 of 9
बनारस में मकर संक्रांति - फोटो : अमर उजाला
पतंगबाजी के अहसास को खास बनाने के लिए सबने अपने-अपने स्तर से तैयारियां की थीं।  छतों से पार्कों तक जगह-जगह बाकायदा म्यूजिक सिस्टम लगाए गए थे। चूड़ा-मटर, गाजर के हलवे के साथ तिलपट्टी, गजक की सोंधी खुशबू फिजा में फैली थी। गंगा पार रेती का खुशनुमा माहौल भी कुछ ऐसा ही था। 
विज्ञापन

5 of 9
बनारस में मकर संक्रांति - फोटो : अमर उजाला
शनिवार को काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों पर मकर संक्रांति के पुण्य स्नान के लिए आस्थावानों का रेला उमड़ा। गंगा तट और गंगा पार रेती पर दोनों तरफ श्रद्धालुओं की भीड़ ही नजर आ रही थी। गिरजाघर से लेकर दशाश्वमेध घाट सहित गंगा के प्रमुख घाटों पर जाने वाली सड़क और गलियों पर भोर में जाम जैसी स्थिति नजर आई। 
विज्ञापन

6 of 9
बनारस में मकर संक्रांति - फोटो : अमर उजाला
घाटों पर स्नान के दौरान न तो सामाजिक दूरी नजर आई और न ही कहीं कोरोना का भय दिखा। ठंड के बाद भी गंगा स्नान के लिए भोर में चार बजे से ही लोगों का रेला गंगा घाटों की ओर पहुंचने लगा। सुबह सात बजे तक दशाश्वमेध से गोदौलिया पर भीड़ बढ़ गई थी। 
विज्ञापन

7 of 9
बनारस में मकर संक्रांति - फोटो : अमर उजाला
मकर संक्रांति के महापर्व पर मकर के सूर्य का दुग्धाभिषेक व आरती से अभिनंदन किया गया। दशाश्वमेध घाट पर नमामि गंगे ने भगवान सूर्य का पूजन कर संस्कृति और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया। जीवन में उल्लास और समरसता के संदेशवाहक मकर संक्रांति के पर्व पर सूर्य देव और मां गंगा की आरती उतारी। 

8 of 9
बनारस में मकर संक्रांति - फोटो : अमर उजाला
पतंगबाजी में बच्चे भी पीछे नहीं रहे। बच्चों ने मोटू-पतलू, छोटा सिंघम, टॉम एंड जेरी वाली पतंगें उड़ाईं। कुछ बच्चों की पतंगाें में घरवालों ने गुब्बारे बांध दिए थे। वहीं युवाओं में हैप्पी न्यू ईयर, सेफ्टी फर्स्ट, गो कोरोना गो... सहित चमकीली पन्नी से तैयार डिजाइनर पतंगों की भी काफी डिमांड रही।
विज्ञापन

9 of 9
बनारस में मकर संक्रांति - फोटो : अमर उजाला
कटी पतंग को लूटने वाले भी पीछे नहीं थे। पूरे दिन दुकानों पर पतंगों और मंझों की खरीदारी होती रही। लंका, दुर्गाकुंड, भेलूपुर, सिगरा, महमूरगंज, अर्दली बाजार, चौक, चौकाघाट सहित सभी क्षेत्रों में पतंगबाजों की टोलियां मस्ती करते हुए दिखी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें