भव्य, दिव्य, नव्य काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था भी नए सिरे से तैयार की गई है। एयरपोर्ट की तर्ज पर धाम परिसर में सशस्त्र बल से लेकर बिना हथियार वाले जवानों की तैनाती के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। इसमें काशी विश्वनाथ धाम में आम दर्शनार्थियों और श्रद्धालुओं को मोबाइल के साथ प्रवेश मिलेगा। इसके साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सिस्टम के करीब 400 कैमरे गंगा घाट से सड़क तक निगरानी को पुख्ता करेंगे।
गंगा घाट से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर तक 50 हजार वर्गमीटर में विकसित हो चुके विश्वनाथ धाम की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए योजना तैयार कर ली गई है। इसमें पूरे धाम को चार भागों में बांटकर अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। एयरपोर्ट की तर्ज पर काशी आने वाले पर्यटक अपने पूरे सामान के साथ काशी विश्वनाथ धाम परिसर में प्रवेश करेंगे। इसमें अगले चरण में बैगेज स्कैनर के जरिए सामान जमा कराया जाएगा।