केंद्रीय सूचना और प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को खेल से बहुत ही अधिक लगाव रहा है। जब भी उन्हें मौका मिलता है तो खेल में अपना हाथ आजमाने से नहीं चूकते। ऐसा ही रविवार को तब देखने को मिला जब वह बीएचयू में आयोजित काशी तमिल संगमम में पहुंचे। संगमम के तहत आयोजित फ्रेंडली मैच में अनुराग ठाकुर ने क्रिकेट में अपना हाथ आजमाया और अपने पुराने दिनों को याद किया।
क्रिकेट खेलते हुए अनुराग ठाकुर की सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो वायरल है। अनुराग ठाकुर ने पहले बॉलिंग की। फिर हाथ में बल्ला थामा और आगे बढ़-बढ़कर लंबे शॉट लगाए। वहां मौजूद खिलाड़ियों ने ताली बजाई। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि काशी और तमिल का संगम सदियों पुराना है लेकिन इसको एक बार फिर से जीवित अगर किसी ने किया है तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। काशी तमिल संगमम में 8 दिन खेलों को दिए गए हैं ये खेलों के महत्व को बताता है।