वर्षों पूर्व माता सीता, भाई लक्ष्मण संग श्री राम के अयोध्या आगमन की खुशियां रविवार को मानों फिर से जीवंत हो उठी। दीपों की रोशनी से न सिर्फ शिव की नगरी काशी नहा उठी बल्कि आतिश की चमक से आकाश भी चमक उठा। काशी मानो अवध बन गई हो। मां लक्ष्मी और गणेश के पूजन की तैयारी और लजीज पकवान बनाने में सुबह से जुटी महिलाएं जहां घर की शोभा बढ़ा रहीं थीं, वहीं बच्चे और युवा सुबह से ही आतिशबाजी करते दिखे। बड़े बुजुर्गों के आशीष और सान्निध्य में दीपावली का उत्साह दो गुना हो गया।
विज्ञापन
2 of 6
फाइल फोटो
शाम होते होते दीये, मोमबत्ती से लेकर बिजली के झालरों से सारा शहर जगमगा उठा। दिन से शुरू हुआ पूजा-पाठ का क्रम देर रात तक चला। लोगों ने अपने-अपने मुहूर्त के अनुसार लक्ष्मी की उपासना की। धन, ऐश्वर्य व सुख-संपदा के त्योहार दीपावली पर जहां महिलाओं द्वारा बनाईं सुंदर रंगोलियां मन को मोहती रहीं। दीये, कंदील और मोमबत्तियों की मनमोहक सजावट के बीच आतिशबाजी के साथ खुशियां मनाने के लिए लोग कहीं छतों पर तो कहीं बालकनी और आसपास के मैदानों-पाकों में पहुंचे। पारंपरिक परिधानों में युवतियों व महिलाओं ने भी जमकर आतिशबाजी की। साथ ही तरह-तरह के लजीज व्यजनों के साथ मिठाइयों से घर महकते रहे।
विज्ञापन
3 of 6
फाइल फोटो
खूब चला आतिशबाजी का दौर
दीपावली पर आतिशबाजी से आसमान चमक उठा। सड़कों, गलियों से छतों-पार्कों में अनार, चकरी, लटाई, फुलझड़ियां जलाई गईं तो वहीं रॉकेट जैसे पटाखों से आसमान छूने के तमन्ना मानों मचल उठी। सबसे अधिक उत्साह बच्चों और युवाओं में दिखा। छोटा भीम, स्पाइडर मैन के अलावा इको फ्रेंडली पटाखे लोगों ने खास पसंद किए। आसमान में जाते ही कई रंग बिखेरने वाले स्काई शॉट युवाओं को ज्यादा भाए।
4 of 6
सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता
जो पास था, उसे गले मिलकर लोगों ने दीपावली की बधाई दी। तो दूर बसे अपनों को सोशल मीडिया के जरिए परिवार वालों और मित्रों ने बधाई दी। वहीं युवाओं ने सजधज कर अपनी फोटो फेसबुक, इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप पर अपडेट कीं तो किसी ने अपने रंगोली की फोटो दोस्तों और परिवार वालों के बीच साझा किया।
विज्ञापन
5 of 6
हॉस्टलों में मनी दीपावली
दीपावली की चमक शहर के विश्वविद्यालयों और संस्थानों में भी दिखी। छुट्टियों में घर ने जाने वाले विद्यार्थियों ने मिलजुलकर दीपावली की खुशियां मनाई। रंगोली बनाने के साथ सभी ने गणेश लक्ष्मी की पूजा भी कर खूब आतिशबाजी की। बीएचयू, काशी विद्यापीठ, संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के छात्रावासों में कुछ ऐसी ही रौनक दिखी। छात्र-छात्राओं ने पूरे छात्रावास को दीयों से सजाया। वहीं विदेशी विद्यार्थियों ने भी दीपों का त्योहार मनाया।
प्रदूषण के खात्मे के लिए बांटे तुलसी के पौधे
दीपावली को ग्रीन और सुरक्षित बनाने के लिए रविवार को श्री गणेश चिल्ड्रेन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से पांडेयपुर स्थित बजरंग नगर पार्क में योग करने वाले लोगों को तुलसी के पौधे वितरित किए। जिससे दीपावली पर जलने वाले पटाखों से बिगड़ने वाली आबोहवा को स्वच्छ रखा जा सके । इस अवसर पर संस्था की सचिव सरिता अग्रवाल, बोल राय, मनोरमा गिरी, बिंदु पांडेय, मुन्नी देवी, पीएन मिश्रा, मार्कंडेय राय, एसके सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।