मुंबई से दरभंगा जा रहा स्पाइसजेट का विमान खराब मौसम के कारण दरभंगा से डायवर्ट होकर बृहस्पतिवार को वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा। इस दौरान विमान में सवार 105 यात्रियों की सांसें हवा में अटकी रहीं। क्योंकि दरभंगा एयरपोर्ट क्षेत्र में कई चक्कर लगाने के बाद विमान का फ्यूल खत्म होने लगा तो पायलट ने एटीसी से संपर्क साधकर विमान को बाबतपुर में उतारा। यहां से फ्यूल लेकर विमान साढ़े तीन बजे उड़ान भरा।
अभिनेता सोनू सूद का फोटो लगा स्पाइजेट का विमान एसजी 944 मुंबई से 105 यात्रियों को लेकर दरभंगा के लिए उड़ान भरा लेकिन दरभंगा एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के कारण विमान हवा में चक्कर काटने लगा। इसके बाद यात्रियों की भी धुकधुकी बढ़ गई। दरभंगा हवाई पट्टी क्षेत्र में कई चक्कर के दौरान पायलट ने मौसम की खराबी की जानकारी दरभंगा एटीसी को दी और विमान को रनवे पर उतरने में असमर्थता जताई।