सहारनपुर में सड़क हादसे में मां और पिता के साथ जान गंवाने वाली शिल्पी की 19 दिसंबर को सगाई होनी थी और जनवरी में शादी तय हुई थी। परिजन लाडली बेटी शिल्पी की सगाई और शादी की तैयारी में जुटे थे। इसलिए पूरा परिवार देहरादून से कार से सहारनपुर में खरीदारी करने आ रहा था। परिवार के तीन सदस्यों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
देहरादून के मेहूवाला निवासी प्रवीण चौहान अपनी पुत्री शिल्पी चौहान की 19 दिसंबर को होने वाली सगाई की तैयारियों में जुटे थे। शिल्पी की शादी जनवरी में तय की थी। प्रवीण के चाचा देहरादून के पटेलनगर निवासी श्रवण ने बताया कि सहारनपुर के रायवाला बाजार में कपड़ों की खरीदारी के लिए प्रवीण अपनी पत्नी मंजू चौहान, पुत्री शिल्पी, पुत्र दीक्षांत और निशांत के साथ कार से आ रहे थे। इन दिनों परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थी। मगर, किसी को क्या पता था कि प्रवीण, शिल्पी और मंजू की सड़क हादसे में मौत हो जाएगी।