सहारनपुर जनपद के देवबंद में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर गुरुवार को साखन नहर के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार इंटरमीडिएट के दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
तलहेड़ी बुजुर्ग पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव अंबोली निवासी नितिन (22 वर्ष) पुत्र सतीश और आशीष नौटियाल (20 वर्ष) पुत्र नरेंद्र बाइक से देवबंद में कोचिंग पढ़ने जा रहे थे। गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे जब वह सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर स्थित गांव साखन नहर के समीप पहुंचे तो बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से टकरा गई। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहने हुए थे। जिसके चलते दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सीओ रजनीश उपाध्याय और कोतवाल योगेश शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों छात्रों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।