उत्तराखंड में बेमौसम बारिश से गंगा में आए उफान ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। खादर क्षेत्र के दस गांवों के सैकड़ों किसानों की सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। गन्ने के खेतों में पानी भरा है। जलस्तर अभी भी खतरे के निशान पर है, जिससे किसानों की मुश्किलें आने वाले दिनों में भी कम होने के आसार कम ही है।
रामराज क्षेत्र के जीवनपुरी, रामपुर ठकरा, उजाली कलां, उजाली खुर्द, सिताबपुरी, नया गांव, खैर नगर, मजलिसपुर, हंसावाला समेत करीब 10 गांव के किसानों के लिए गंगा का पानी मुसीबत बन गया है।
जीवनपुरी के किसान संजीव कुमार का कहना है कि गन्ने के खेत में पानी भरा है। सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
किसान धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि प्रशासन ने फसलों को बचाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए हैं। किसानों की समस्या को कोई समझने के लिए तैयार नहीं है।
किसान प्रदीप कुमार का कहना है कि सब्जी की फसल बर्बाद होने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अभी पानी उतरने की कोई संभावना नहीं है।