योगी मंत्रिमंडल में पश्चिमी यूपी के कई ऐसे चेहरों को जगह मिली हैं, जिन्हें योगी सरकार में दूसरी बार मंत्री बनने का मौका मिला है। जबकि दो नए ऐसे चेहरे हैं, जो दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। खास बात यह है कि चुनाव से कुछ समय पहले ही हस्तिनापुर से विधायक दिनेश खटीक को मंत्री बनाया गया था। अभी तक के इतिहास में हस्तिनापुर सीट से जो भी विधायक बनता है, प्रदेश में उसी की सरकार बनती है। इस परंपरा को दिनेश खटीक ने इस बार भी जीत हासिल कर बरकरार रखा है। इस वजह से भी उन्हें अहम माना जा रहा था। वहीं पश्चिमी यूपी के लिए यह बहुत ही खुशी की बात है कि यहां से कई नेताओं को मंत्री बनाया गया है।
ये 10 चेहरे मंत्री लिस्ट
पश्चिम के जिलों की बात करें तो मुरादाबाद से जाट समाज से भूपेंद्र चौधरी को कैबिनेट मंत्री, मुजफ्फरनगर से वैश्य समाज से कपिल देव अग्रवाल को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, संभल से दलित समाज से गुलाब देवी को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गाजियाबाद से नरेंद्र कश्यप को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। मेरठ से दिनेश खटीक को राज्यमंत्री और डॉ. सोमेंद्र तोमर को राज्यमंत्री बनाया गया है। बागपत से केपी मलिक को राज्यमंत्री, गाजियाबाद से नरेंद्र कश्यप को राज्यमंत्री, सहारनपुर देवबंद से ब्रजेश सिंह को राज्यमंत्री और जसवंत सैनी एवं रामपुर से बलदेव सिंह औलख को राज्यमंत्री बनाया गया है।