विधानसभा चुनाव में मेरठ में इस बार बड़ा उलटफेर हुआ है। जिले में 2017 में जहां भाजपा ने सात में से छह सीटों पर कब्जा जमाया था, वहीं इस बार चार सीटें सपा-रालोद गठबंधन और तीन भाजपा के खाते में गई हैं। मुजफ्फरनगर दंगे के बाद लगातार सुर्खियों में रहे भाजपा विधायक संगीत सोम को सरधना सीट पर सपा के अतुल प्रधान ने हरा दिया।
कैंट में भाजपा की रिकॉर्ड जीत
भाजपा का गढ़ कहे जाने वाली कैंट सीट पर भाजपा के अमित अग्रवाल रिकॉर्ड 160921 मत पाकर 117526 वोटों के अंतर से विजयी हुए हैं। यहां रालोद प्रत्याशी मनीषा अहलावत ने 43395 मत हासिल किए हैं। बसपा प्रत्याशी अमित शर्मा को मात्र 28257 मत ही मिले पाए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अवनीश काजला को सिर्फ 5058 मत मिले हैं।