प्राचीन ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर के लोगों की सालों से चली आ रही मांग को सरकार ने मंजूर करते हुए पांडव टीले पर खुदाई का कार्य शुरू करा दिया है। यहां सोमवार को पहले दिन कई प्राचीन अवशेष टीम को नजर आए।
पुरातत्व विभाग ने महाभारत कालीन प्राचीन पांडव टीले पर खुदाई का कार्य शुरू कर दिया है। सोमवार को पहले दिन दो स्थानों पर टीमों ने कार्य शुरू किया। एक टीम रघुनाथ महल व दूसरी टीम उल्टा खेड़ा के ऊपर पीर के समीप लगाई गई। दोनों टीमों में तीस-तीस श्रमिक मौजूद रहे। वहीं इस अवसर पर पुरातत्व विभाग के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार पहले दिन कई प्राचीन अवशेष टीम को प्राप्त हुए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह कितने प्राचीन हैं। बताया गया कि यहां पांडव टीले पर खुदाई कई दिनों तक चलेगी और इस टीले को आईकॉनिक साइड के रूप में विकसित किया जाएगा।