मेरठ में चोरी और लूट के वाहन काटकर करोड़पति बने शातिर कबाड़ियों की घेराबंदी अब आयकर और जीएसटी विभाग भी करेंगे। पुलिस ने इसके लिए दोनों विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजने का दावा किया है। पुलिस ने बताया है कि 100 से अधिक कबाड़ियों की सूची बनाई गई है। इनके खिलाफ कार्रवाई होनी तय है। सूची में कई ऐसे कबाड़ी हैं, जिनके खिलाफ केस दर्ज नहीं हैं, उनसे भी जवाब मांगा जाएगा।
सोतीगंज में शुक्रवार को पुलिस के साथ पीएसी का पहरा रहा है। जिसको लेकर दिनभर सोतीगंज के कबाड़ियों में खलबली मची रही। पुलिस ने बताया कि जिन गोदामों को सील किया है, वहां पर पुलिस गई थी।
इस गोदाम में रखे इंजन और पार्ट्स की जानकारी मांगने का प्रयास किया। लेकिन गोदाम मालिक कबाड़ी पुलिस को नहीं मिले। पुलिस का दावा है कि कई कबाड़ियों के खिलाफ मेरठ में मुकदमे दर्ज नहीं है और वह सोतीगंज में दुकान खोलकर गाड़ियों के पार्ट्स बेचते हैं। इनकी सूची पुलिस ने अलग से बनाई है।
एएसपी कैंट ने बताया कि अब कबाड़ियों की घेराबंदी के लिए आयकर और जीएसटी विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखे गए हैं। पुलिस के साथ ही इन विभागों की जांच से पता चलेगा कि गलत कारनामों से कितनी संपत्ति अर्जित की गई है। सोतीगंज में बिना लिखापढ़ी के कोई दुकान नहीं चलेगी।
पीएसी देख मची खलबली
शुक्रवार दोपहर को जुमे की नमाज के दौरान पीएसी भी पहुंच गई। पीएसी को देखते कबाड़ियों में खलबली मच गई। अफवाह उड़ी कि पुलिस और पीएसी सोतीगंज के कबाड़ियों के गोदाम खाली कराने के लिए आई है। कई कबाड़ी दुकान और गोदाम बंद करके भाग गए। बाद में पुलिस ने कहा कि जुमे की नमाज पर सुरक्षा मद्देनजर पीएसी को थोड़ी देर के लिये बेगमपुल से बुलाया गया था।