मेरठ के रोहटा थानाक्षेत्र में महिला ज्योति और उसकी दो साल की बेटी भव्या की हत्या करने के बाद उनके शव गंगनहर में फेंके गए थे। दरअसल, पूठखास गंगनहर में डूबी ज्योति का शव हिंडन नदी में मिला था, जबकि गंगनहर का हिंडन नदी से कोई कनेक्शन नहीं है। पुलिस को अंदेशा था कि हत्या के बाद शव फेंका गया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। वहीं, रोहटा पुलिस के मुताबिक बालैनी में महिला का पोस्टमार्टम कराया गया, जहां रिपोर्ट ने हत्या की आशंका को और गहरा कर दिया। पूठखास गंगनहर पर ज्योति का पति आशीष दोनों को लेकर गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने इस शक के साथ जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में ज्योति के सिर में चोट के सात निशान पाए गए और एक नुकीली चीज सिर में घुसी मिली है।
सीओ सरधना ब्रिजेश सिंह के मुताबिक पति से पूछताछ की जा रही है और अन्य तथ्य जुटाए जा रहे हैं। ज्योति के पिता इकबाल ने भी पति आशीष और उसके माता-पिता पर हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया है। वहीं, आशीष ने बिना पोस्टमार्टम ही बेटी भव्या के शव काे दफना दिया था, अब पुलिस भव्या के शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम कराएगी।