एससी-एसटी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ उतरे संगठन
अनुसूचित जाति और जनजाति आरक्षण में क्रीमी लेयर और उपवर्गीकरण के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ बुधवार को जगह-जगह पर विरोध प्रदर्शन किया गया। सपा-बसपा, भीम आर्मी, विभिन्न दलित संगठन, अधिवक्ता सहित अलग-अलग 30 से अधिक संगठनों ने दिनभर सड़क और कमिश्नरी पार्क से लेकर कलक्ट्रेट तक नारेबाजी की। एहतियातन पुलिस-प्रशासन ने पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए। हालांकि फैसले के खिलाफ बुधवार को भारत बंद की घोषणा के बावजूद बाजार खुले रहे।
विज्ञापन
2 of 6
प्रदर्शन करते भीम आर्मी के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार के नाम सौंपा ज्ञापन
आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने साकेत चौराहे से एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला और अधिकारियों को एक ज्ञापन केंद्र सरकार के नाम सौंपा। ज्ञापन में एससी-एसटी आरक्षण में क्रीमी लेयर और उपवर्गीकरण के फैसले को वापस लेने की मांग की। इस दौरान आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राछौती व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। भीम आर्मी के सदस्यों ने भी पवन गुर्जर के नेतृत्व में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन
3 of 6
अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते बसपा नेता व कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
आर्टिकल अनुच्छेद 341, 342 को संविधान की नौवीं अनुसूची में डालने की मांग
काफी समय के बाद बसपाई हाथों में झंडा और तख्तियां लेकर सड़क पर नजर आए। भारत बंद के समर्थन में बसपाइयों ने पार्टी कार्यालय से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। कार्यकर्ता ‘आरक्षण के सम्मान में, बीएसपी मैदान में’ आदि नारे लिखीं तख्तियां हाथों में लिए हुए थे। बसपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य मुनकाद अली ने कलक्ट्रेट पर कहा कि आरक्षण में उप वर्गीकरण के खिलाफ सबसे पहले बसपा सुप्रीमो ने आवाज उठाई है। उन्होंने आर्टिकल अनुच्छेद 341, 342 को संविधान की नौवीं अनुसूची में डालने की मांग की है। इस मौके पर मंडल सेक्टर प्रभारी मोहित आनंद, डॉ. कमल राज, जिला अध्यक्ष जयपाल सिंह पाल, मुरारीलाल केन, शाहजहां सैफी, मोहित जाटव आदि मौजूद रहे।
4 of 6
कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन करते सपा कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
सपाइयों की मांग, केंद्र सरकार लाए अध्यादेश
सपाइयों ने बुधवार को कमिश्नरी चौराहे पर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। सपाइयों ने कहा कि केंद्र सरकार को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ अध्यादेश लेकर आना चाहिए और आरक्षण की व्यवस्था को संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल करना चाहिए। इस दौरान जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, निरंजन सिंह, शशीकांत गौतम, हिमाशु सिद्धार्थ, सम्राट मालिक, बाबर चौहान, जयराज चपराणा, एहतेशाम इलाही, जितेंद्र गुर्जर, शमसुद्दीन कुरैशी और मृदुला यादव आदि मौजूद रहे।
सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के सदस्यों ने प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव किशन सिंह जाटव एडवोकेट के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संत शिरोमणि गुरु रविदास जन्म उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष चतर सिंह जाटव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा। शोषित क्रांति दल के सदस्यों ने अध्यक्ष वरुण कुमार के नेतृत्व में कमिश्नरी कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
5 of 6
ज्ञापन देते योगेश वर्मा और कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के मंसूबे पूरे नहीं होने देंगे: योगेश वर्मा
कलक्ट्रेट में समर्थकों और दलित समाज के लोगों के साथ विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि यह सब भाजपा का किया धरा है। भाजपा आरक्षण में वर्गीकरण कर क्रीमी लेयर करने जा रही है। भाजपा के मंसूबे पूरे नहीं होने देंगे। इससे दलित समाज में रोष है। भाजपा फूट डालना चाहती है। सब भारत बंद के समर्थन में हैं। इस दौरान रविंद्र प्रेमी, हैविन खान, किशन जाटव, अजय सागर और संगीता राहुल आदि मौजूद रहे।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के पक्ष के प्रदर्शन करते वाल्मीकि समाज के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
सुप्रीम कोर्ट के फैसले की वाल्मीकि समाज ने की सराहना
आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले की वाल्मीकि समाज ने सराहना करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा है। सफाई कर्मचारी संघ ने कहा है कि इससे गरीब लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को केंद्र और राज्य सरकार जल्द लागू करें, ताकि वंचित जाति के लोगों को लाभ मिल सके। अलग-अलग सफाई कर्मचारी संघ, राज्य सफाई कर्मचारी संघ एक ही मंच पर आए। इस दौरान सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष विनेश मनोठिया, दिनेश सूद, सुरेंद्र ढींगिया, कैलाश चंदौला, विनेश विद्यार्थी, अंकुश महरोल, टीसी मनोठिया, विनोद चंदौला, डॉ. प्रमोद चौधरी, संजय, बबलू गहलोत आदि मौजूद रहे।
शहर से देहात तक अलर्ट रही पुलिस, अधिकारी मुस्तैद
भारत बंद की घोषणा को लेकर पुलिस ने पूरी तैयारी की हुई थी। सुबह से लेकर दोपहर तक एडीजी, आईजी और एसएसपी मॉनीटरिंग करते रहे। शहर से लेकर जिले तक सभी थाना प्रभारी, सीओ और एडिशनल एसपी सड़कों पर रहे। पुलिस लाइन में अतिरिक्त फोर्स को रिजर्व रखा गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कलक्ट्रेट पहुंचकर हालात का जायजा लिया। खुफिया विभाग भी हर गतिविधि पर नजर बनाए रहा। एसएसपी ने बताया कि जिले में पूरी तरह शांति रही।