एक परिवार में दो बच्चियों के जन्म लेने के बाद घर खुशियां से भरा था और दोनों बच्चियों का अकीका एक साथ कराने की भी तैयारी चल रही थी। लेकिन परिवार में अचानक इतना बड़ा हादसा हो जाएगा, यह किसी ने नहीं सोचा होगा। जिन बच्चियों को जन्म लिए अभी सिर्फ एक महीना ही हुआ था, उनको आंखों के सामने जिंदा जलते हुए देख हर किसी का कलेजा फट रहा था और परिजन बेबस थे। इस दर्दनाक हादसे को परिवार कभी नहीं भूल पाएगा। दरअसल, घर में भट्ठी पर खाना बनाया जा रहा था इसी बीच सिलिंडर में आग लग गई। आग लगते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और परिजन घर से बाहर निकल आए लेकिन, दोनों बच्चियां अंदर ही रह गईं।
ऐसे हुआ बड़ा हादसा
मेरठ में खंदक बाजार के भीड़ वाले इलाके में इदरीश के 50 गज के मकान में दो मासूम बच्चियों ने कुछ दिनों पहले ही जन्म लिया था। दोनों बच्चियों की चहल-पहल से घर खुशियों से भरा था। रविवार शाम के करीब सात बजे थे और घर के अंदर भट्ठी पर खाना बनाया जा रहा था। इसी बीच गैस बंद हो गई। परिवार की महिला ने जैसे ही माचिस की तीली जलाई तो सिलिंडर ने आग पकड़ ली। महिलाएं तो जान बचाकर बाहर आ गईं, लेकिन अंदर बच्चियां आग की चपेट में आ गईं। मकान आग का गोला बन चुका था। वहीं मासूम बच्चियां अंदर जल रहीं थीं और बाहर बेबस परिजन दहाड़े मारकर बिलख रहे थे।