अजय की हत्या के बाद पत्नी नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में कोहराम मचा है। दोनों बच्चे भी मां से बार-बार पूछ रहे थे कि मम्मी, पापा को क्या हो गया है? पापा क्यों नहीं उठ रहे हैं? वह हमसे बात क्यों नहीं कर रहे हैं?
अजय के कंधों पर ही परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी थी। वह दस साल से अपने घर से दूर रहकर पत्नी नीलम व दोनों बच्चों का पालन पोषण कर रहा था। भरण पोषण को लेकर भी परिवार के सामने संकट गहरा गया है। पत्नी नीलम ने बताया कि मंगलवार रात साढ़े आठ बजे अजय घर से निकले थे। कहा था कि ट्रक में मॉल भरवाना है। कहा था कि जल्दी आऊंगा, परेशान मत होना। देर रात तक जब अजय नहीं लौटे तो फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद था।
साथ में पी थी शराब
पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात अजय और प्रेमपाल ने लोइया गांव में एक साथ शराब पी थी। वहीं पर किसी बात को लेकर दोनों का झगड़ा हो गया। इसके बाद प्रेमपाल ने अजय पर ईंट से वार कर दिया। अजय को घायल अवस्था में छोड़कर भाग निकला। अधिक खून बहने से अजय की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि प्रेमपाल की निशानदेही पर ईंट बरामद कर घटना का खुलासा किया जाएगा। हालांकि चर्चा यह भी रही कि अजय के गोली भी लगी हुई है। शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही इस बात की पुष्टि होगी कि गोली लगी है या नहीं।