मेरठ में तेजी से पनप रहीं अवैध कॉलोनियों के खिलाफ मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अभियान चलाया। एनएच-58, हापुड़ रोड, बागपत रोड, रुड़की रोड और गढ़ रोड समेत विभिन्न मार्गों पर पैर पसार रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर गरजा। छिटपुट विरोध के बीच कई अवैध कॉलोनियों को जमींदोज किया गया।
अमर उजाला ने बुधवार को 366 अवैध कॉलोनी को लेकर समाचार प्रकाशित किया तो मेरठ विकास प्राधिकरण हरकत में आया। चारों जोन में जोनल अधिकारियों के नेतृत्व में अवैध कॉलोनी के खिलाफ अभियान चलाया गया। अवैध कॉलोनियों के साइट ऑफिस, बाउंड्री वाल, प्लॉटों की नींव और बिजली के खंभे आदि जेसीबी के जरिए उखाड़ दिए गए। श्रमिकों के टीन शेड भी ढहा दिए।