डॉक्टर साहब! हमारा बेटा लड़की की तरह रहता है... काउंसिलिंग कीजिए। पूरा परिवार बहुत परेशान है। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में मनोरोग विशेषज्ञों के पास प्रतिदिन ऐसे मामले आ रहे हैं। चिकित्सक युवाओं को समझाते हैं। ऐसे केसों में लंबे समय तक काउंसिलिंग की आवश्यकता पड़ती है।
बता दें कि हाल ही में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेज में लिंग परिवर्तन का पहला केस सामने आया है। यहां दो युवक जेंडर चेंज सर्जरी कराकर लड़की बन गए हैं। मेरठ के एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में वरिष्ठ सर्जन डॉ. सुधीर राठी और उनकी टीम ने दो युवकों को सर्जरी कर लड़की बनाया है। डॉ. राठी ने दावा किया कि पश्चिमी यूपी के मेडिकल कॉलेज में पहली बार नई तकनीक से पुरुष से महिला बनाने के लिए सर्जरी की गई है, जो करीब 4 घंटे चली। सर्जरी कराने वालों में से एक मुजफ्फरनगर जिले से है और दूसरे का घर बिजनौर जिले में है। एक की अस्पताल से छुट्टी हो चुकी है, जबकि दूसरा अस्पताल में भर्ती है। दोनों की आयु क्रमश: 18 और 19 वर्ष है। चिकित्सकों का कहना है कि उनके पास प्रतिदिन ऐसे केस आते हैं जिनमें लड़के या लड़की विपरीत लिंग की तरह व्यवहार करते हैं। ऐसे में माता-पिता बच्चे की काउंसलिंग की मांग करते हैं।